उत्तर प्रदेश के गाज़ीपुर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई जो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। एक तरफ मायके वालों का आरोप हैं कि दहेज के लिए हमारी बेटी की हत्या कर दी गई
दूसरी तरफ हकीकत यह कि वही बेटी ज़िंदा निकली और अपने प्रेमी के साथ ग्वालियर में रह रही थी और नई ज़िंदगी शुरू कर चुकी थी। इस पूरे मामले ने न सिर्फ पुलिस को हैरान कर दिया, बल्कि जिन लोगों पर हत्या का आरोप लगा, उनकी ज़िंदगी भी महीनों तक डर और बदनामी में गुजरती रही।
मामला सादात थाना क्षेत्र के बरहपार भोजूराय गांव का है। यहां की रहने वाली युवती की शादी 6 जून 2023 को खानपुर थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव निवासी राजेंद्र से हुई थी। शादी के शुरुआती कुछ महीने सामान्य रहे, लेकिन इसके बाद युवती अचानक ससुराल से लापता हो गई।
लापता बहू, बढ़ता शक और हत्या का आरोप
जब युवती काफी दिनों तक घर नहीं लौटी, तो मायके वालों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, जान-पहचान और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। धीरे-धीरे शक गहराने लगा।
आखिरकार युवती की मां ने पुलिस में तहरीर दी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगा दिए। मां का कहना था कि –
“मेरी बेटी को दहेज में मोटरसाइकिल न मिलने पर मार डाला गया और उसका शव कहीं छिपा दिया गया है।”
इस आरोप के बाद पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने का मुकदमा दर्ज कर लिया। पति राजेंद्र, सास कमली देवी, ससुर फूलचंद, देवर मुन्ना और ननद रेनू पर गंभीर धाराएं लग गईं। इस घटना को लेकर पूरे गांव में चर्चा शुरू हो गई और ससुराल पक्ष को सामाजिक बदनामी झेलनी पड़ी।
शव नहीं मिला, जांच की दिशा बदली
इस मामले में सबसे बड़ी उलझन यह थी कि महीनों तक युवती का शव बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने खेत, नदी, जंगल और आसपास के इलाकों में खोजबीन कराई, लेकिन कोई सबूत नहीं मिला। यहीं से जांच एजेंसियों को शक हुआ कि मामला वैसा नहीं है जैसा दिखाया जा रहा है।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और मोबाइल सर्विलांस का सहारा लिया।
इसे भी पढ़ें – हरदोई: संडीला में मासूम का अपहरण, बहू बनकर आई महिला निकली ठग
इसे भी पढ़ें – हरदोई: बेनीगंज में प्रेमी जोड़े की मौत से पूरे इलाके में मातम, दोनों घरों में कोहराम
मोबाइल सर्विलांस ने खोला राज़, ग्वालियर में मिली ‘मृत’ दुल्हन
मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग के दौरान एक नंबर की लोकेशन बार-बार ग्वालियर (मध्य प्रदेश) में मिलने लगी। पुलिस टीम जब वहां पहुंची, तो जो सामने आया उसने पूरे केस की तस्वीर ही बदल दी।
जिस युवती को कागज़ों में “मृत” मान लिया गया था, वह पूरी तरह सुरक्षित और ज़िंदा थी। वह अपने प्रेमी के साथ किराए के मकान में रह रही थी।
पूछताछ में सामने आई प्रेम कहानी
पुलिस पूछताछ में युवती ने जो बताया, वह बेहद चौंकाने वाला था। उसने कहा-
“मैं हाईस्कूल के समय से अपने प्रेमी से प्यार करती थी। हम दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन घरवालों ने जबरन मेरी शादी किसी और से कर दी। मैं उस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर पाई। मौका मिलते ही मैं अपने प्रेमी के साथ ग्वालियर चली आई।”
उसने साफ कहा कि वह किसी दबाव या डर में नहीं थी और वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई थी।
ससुराल पक्ष को मिली राहत
जैसे ही सच्चाई सामने आई, ससुराल पक्ष के सभी लोगों ने राहत की सांस ली। पति राजेंद्र और उसके परिवार ने कहा –
“हम बिल्कुल निर्दोष थे, लेकिन हमें हत्यारा बना दिया गया। महीनों तक हमारी इज़्ज़त मिट्टी में मिलती रही। अब सच सामने आया है।”
गांव में भी माहौल बदला और लोगों को समझ आ गया कि जल्दबाजी में लगाए गए आरोप कितने खतरनाक साबित हो सकते हैं।
झूठी FIR पर अब होगी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि, युवती की मां ने माना है कि उसने गुस्से और डर में गलत आरोप लगाए थे। पुलिस अब मामले में झूठी FIR दर्ज कराने और पुलिस को गुमराह करने को लेकर कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।
CO सैदपुर ने कहा-
“तकनीकी और मानवीय दोनों स्तर पर जांच करने के बाद सच्चाई सामने आई है। युवती सुरक्षित है। निर्दोष लोगों को फंसाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।”
फिल्मी अंदाज़ में खत्म हुई हकीकत
गाज़ीपुर से शुरू हुई यह कहानी ग्वालियर में खत्म हुई, जहां एक “गुमशुदा दुल्हन” ने अपने पुराने प्यार के साथ नई शुरुआत कर ली। यह मामला अब पुलिस रिकॉर्ड में फेक मर्डर केस के रूप में दर्ज किया गया है।
इसे भी पढ़ें – दिल्ली-एनसीआर में बढ़ी ठंड, हवा बनी ज़हर AQI 400 पार सांस लेना हुआ मुश्किल
इसे भी पढ़ें – हरदोई में दिनदहाड़े गोलीकांड, 20 साल के युवक को मारी गोली
















Leave a Reply