Advertisement

UP के हरदोई (बेहटा गोकुल) में युवक की पीट-पीटकर हत्या, 8 सेकंड का वीडियो वायरल

Hardoi Behta Gokul pit pitkar hatya

उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम बल्हेरा में 10 फरवरी की सुबह हुई एक ऐसी घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। 36 वर्षीय अक्षय की गांव के ही कुछ लोगों ने मिलकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना का एक 8 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत ही तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन गांव में हर तरफ इसी घटना की चर्चा चल रही है।

हमारे संवाददाता अमनदीप (रिपोर्टर) गांव बल्हेरा पहुंचे तो गांव का माहौल देखने में सामान्य नहीं था। लोग इस घटना के बारे में खुलकर बोलने से बच रहे थे। मृतक के घर के बाहर भीड़ तो थी, लेकिन हर किसी के चेहरे पर गुस्सा और डर साफ दिख रहा था।

10 फरवरी की सुबह क्या हुआ

लोगों ने बताया की 10 फरवरी की सुबह बल्हेरा गांव में बाकी दिनों की तरह ही शुरू हुई थी। सुबह के समय खेतों की ओर जाते किसान, चाय की दुकानों पर बैठकर बातें करते लोग और स्कूल जाने की तैयारी करते बच्चे सब कुछ सामान्य चल रहा था। लेकिन अचानक गांव की एक सड़क पर शोर सुनाई दिया। स्थानीय लोगों ने बताया की कुछ लोग अक्षय को घेरकर लाठी-डंडों से पीट रहे थे।

चश्मदीदों के मुताबिक अक्षय जमीन पर गिरा हुआ था, लेकिन उसके बाद भी लोग उस पर डंडे बरसा रहे थे। आसपास कई लोग खड़े थे, मगर अक्षय को बचाने कोई आगे नहीं आया।

जब हमारे संवाददाता ने वहां मौजूद एक बुजुर्ग से पूछा कि अक्षय को किसी ने बचाने की कोशिश क्यों नहीं की, तो उन्होंने कहा की , “डर बहुत था… अगर कोई बीच में पड़ता तो मामला और बिगड़ सकता था।” इसलिए किसी ने भी अक्षय को बचाने का प्रयास तक नहीं किया

इसी दौरान गांव के किसी युवक ने मार पीट करते समय का मोबाइल से करीब 8 सेकेंड का वीडियो बना लिया। वीडियो छोटा है, लेकिन उसमें जो दृश्य दिख रहे हैं, वे बेहद दर्दनाक हैं। सड़क पर पड़ा युवक और उसके ऊपर लगातार लाठी डंडों से वार होते दिख रहे हैं। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ हैं।

पांच लोगों पर हत्या का मुकदमा

अक्षय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम सा मच गया। मृतक के भाई सूरज ने बेहटा गोकुल थाने में तहरीर देकर गांव के ही पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हमारे संवाददाता – जब अक्षय के घर पहुंचे तो परिवार के लोग रो-रोकर एक ही बात बोल रहे थे कि “हमें न्याय चाहिए।” सूरज ने बताया कि उनके भाई (अक्षय) को बेरहमी से पीटा गया और वे चाहते हैं कि सभी आरोपियों को पुलिस जल्द से जल्द गिरफ्तार करे।

पोस्टमार्टम के बाद देर शाम जब शव गांव लाया गया तो माहौल और ज्यादा भावुक हो गया। महिलाओं की चीख-पुकार और घर के बाहर भीड़ जमा हो गई। परिवार ने साफ कह दिया कि जब तक गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक, शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

इसे भी पढ़ें – हरदोई में संपत्ति के लालच में दामाद बना कातिल, ससुर की पीट-पीटकर हत्या
इसे भी पढ़ें – हरदोई डिपो से बस बुकिंग आसान, जानिए पूरा प्रोसेस, रोडवेज बस अब 7 दिन पहले बुक होगी
इसे भी पढ़ें – हरदोई: बघौली–माधौगंज मार्ग पर गन्ना लदे ट्रक ने ली छात्रा की जान, सड़क पर मचा हड़कंप

आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सवाल

अक्षय की हत्या के मामले में पुलिस पर सबसे ज्यादा सवाल गिरफ्तारी को लेकर उठ रहे हैं। सूरज का कहना है कि पुलिस ने उन्हें बताया था कि पांच आरोपियों में से तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया है। लेकिन बाद में पुलिस ने किसी भी गिरफ्तारी से इनकार कर दिया।

हमारे संवाददाता ने इस बारे में थाना प्रभारी श्री प्रकाश से बात की तो उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। वायरल वीडियो के बारे में भी जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

पुलिस के इस झूठे बयान ने परिवार और ग्रामीणों के मन में और ज्यादा आक्रोश पैदा कर दिया है। गांव में लोग आपस में बात कर रहे हैं कि आखिर सच्चाई क्या है और पुलिस ने अभी तक किसी की गिरफ्तारी क्यों नहीं की हैं। पुलिस की गाड़ियां लगातार गांव में गश्त कर रही हैं ताकि गाँव की स्थिति नियंत्रण में रहे।

घटना के बाद गांव का माहौल

इस घटना के बाद हरदोई के बल्हेरा गांव में लोगों में अजीब सी खामोशी है। लोग खुलकर बोलने से बच रहे हैं। कई ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर ही बात की। उनका कहना है कि गांव में पहले भी विवाद होते रहे हैं, लेकिन इस तरह की घटना ने सबको डरा दिया है।

एक महिला ने बताया कि अब वह अपने बच्चों को अकेले बाहर नहीं जाने देती। गांव के युवाओं में भी गुस्सा है, लेकिन साथ ही डर भी है। हर कोई वायरल वीडियो की चर्चा कर रहा है, लेकिन सामने आने से कतराता है।

जब युवाओं से पूछा कि वे क्या चाहते हैं, तो उनका बस यही जवाब था कि “बस इंसाफ मिलना चाहिए, ताकि आगे ऐसी घटना न हो।

अब पूरे गांव की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है। लोग चाहते हैं कि सच्चाई सामने आए और दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिले, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

इसे भी पढ़ें – हरदोई: हरपालपुर पिटाई के बाद अधेड़ की मौत, रिपोर्ट में Heart Attack निकला कारण
इसे भी पढ़ें – मेरठ में मनचले से थी परेशान, नाबालिग छात्रा ने छोड़ा ट्यूशन

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *