हरदोई जिले में सोमवार 12 जनवरी को हुई एक दिल दहला देने वाली घटना ने न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए।
यह घटना पाली थाना परिसर के अंदर ही एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को गोली मार दी, जिससे महिला की हालत गंभीर हो गई और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। यह वारदात इसलिए भी ज्यादा चौंकाने वाली है, क्योंकि यह सब उस जगह हुआ, जहां लोग खुद को सबसे सुरक्षित मानते हैं ।
मृतका की पहचान रमापुर अटरिया गांव निवासी 35 वर्षीय सोनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी पति अनूप पहले से ही थाना परिसर में मौजूद था और वह सही मौके की तलाश में था।
जैसे ही उसे मौका मिला, उसने पीछे से पत्नी पर गोली चला दी। अचानक हुई इस फायरिंग से कुछ देर के लिए पूरे थाने में अफरा-तफरी मच गई।
क्यों हुई ये घटना
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोनी करीब पांच दिन पहले अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। इस बात से नाराज़ पति अनूप ने पाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
एफआईआर में उसने आरोप लगाया था कि सोनी घर से जेवरात और लगभग 35 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गई है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की।
रविवार को पुलिस को सोनी के बारे में जानकारी मिली और उसे बरामद कर लिया गया। इसके बाद सोमवार को उसे पाली थाना लाया गया,
जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया और अदालत में पेशी की तैयारी की जा रही थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि यही थाना परिसर कुछ ही देर बाद एक खौफनाक वारदात का गवाह बनने वाला है।
थाने के अंदर कैसे चली गोली
सोमवार को एक महिला आरक्षी सोनी को थाना परिसर में बने भोजनालय की ओर खाना खिलाने के लिए ले जा रही थी। माहौल सामान्य लग रहा था।
तभी अचानक पीछे से आये पति अनूप ने तमंचा निकाला और सोनी पर गोली चला दी। गोली लगते ही सोनी चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ी और चारों ओर खून फैल गया।
गोली की आवाज सुनते ही थाना परिसर में हड़कंप मच गया। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी दौड़ पड़े। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि थाना परिसर के अंदर भी ऐसा कुछ हो सकता हैं ।
अस्पताल पहुंचते ही तोडा दम
घटना के तुरंत बाद घायल सोनी को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में मौजूद परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। एक महिला, जो कुछ घंटे पहले तक जिंदा थी, अब हमेशा के लिए खामोश हो चुकी थी।
इसे भी पढ़ें – हरदोई: हरपालपुर पिटाई के बाद अधेड़ की मौत, रिपोर्ट में Heart Attack निकला कारण
इसे भी पढ़ें – हरदोई: सांडी में दबंगों का तांडव: युवक पर जानलेवा हमला, ‘विधायक’ लिखी गाड़ी तोड़ी
आरोपी पति गिरफ्तार, हथियार बरामद
वारदात के बाद आरोपी अनूप मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे और उसके एक साथी को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि उसने यह कदम गुस्से में उठाया या इसकी पहले से योजना बनाई गई थी।
पुलिस की लापरवाही पर कार्रवाई
इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस विभाग भी कटघरे में आ गया है। सवाल उठ रहे हैं कि थाना परिसर के अंदर एक व्यक्ति हथियार लेकर कैसे पहुंच गया।
इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए विभाग ने एक महिला आरक्षी समेत दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
सूत्रों का कहना है कि अगर सुरक्षा व्यवस्था सख्त होती और आरोपी की ठीक से तलाशी ली गई होती, तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी।
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक एम.पी. सिंह और क्षेत्राधिकारी आलोक राजनरायन सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी ली।
एसपी ने साफ शब्दों में कहा कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी चाहे पुलिसकर्मी हो या कोई ओर, उस पर सख्त कार्रवाई होगी।
कई सवाल छोड़ गई यह घटना
पाली थाना परिसर में हुई यह वारदात सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि सिस्टम की बड़ी चूक को भी उजागर करती है। एक तरफ महिला की जान चली गई,
तो दूसरी तरफ पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर आम लोगों का भरोसा भी हिल गया है। अब देखना यह होगा कि जांच में क्या-क्या सामने आता है और क्या भविष्य में ऐसी घटनाओं से सबक लिया जाएगा या नहीं।
इसे भी पढ़ें – हरदोई: अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दो बाइकों को मारी टक्कर, दो की मौत, एक गंभीर
इसे भी पढ़ें – हरदोई में दिनदहाड़े गोलीकांड, 20 साल के युवक को मारी गोली
















Man Singh
Police Thane me Janta Safe nahi to Kya hoga Janta Ka… ?