हरदोई के बिलग्राम कन्नौज मार्ग पर 21 नवंबर शुक्रवार की सुबह ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसने राहगीरों को झकझोर कर रख दिया। जरसेनामऊ गांव के पास ईंटों से लदी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही दो बाइकों को रौंदते हुए निकल गई।
कुछ ही पलों में हंसते-खेलते घर उजड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की हालत गंभीर हो गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
सुबह का वक्त था। सड़क पर हलचल शुरू ही हुई थी। लोग अपने काम-धंधे के लिए निकल रहे थे। तभी बिलग्राम की ओर से आ रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने अचानक संतुलन खो दिया। चश्मदीदों ने बताया कि ट्रैक्टर की रफ्तार काफी तेज थी और सड़क किनारे मोड़ के पास ट्रेक्टर के ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया।
दो बाइकों को मारी जोरदार टक्कर
पहली बाइक पर सुनहारीपुरवा (थाना बिलग्राम) निवासी रजनीश (30) और मदनपाल (28) सवार थे। दोनों रोज की तरह किसी काम से निकले थे।
दूसरी बाइक पर रसूलाबाद, कानपुर देहात निवासी अखिलेश (28) पुत्र रामशंकर सवार थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और फिर दूसरी बाइक को घसीटते हुए काफी दूर तक ले गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क से दूर जा गिरे। बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर ईंटें बिखर गईं। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
राहगीरों ने दिखाई इंसानियत
हादसा होते ही आसपास के लोग दौड़ पड़े। किसी ने पुलिस को फोन किया तो किसी ने एंबुलेंस बुलवाई। खून से लथपथ युवकों को देखकर कई लोगों की आंखें भर आईं। स्थानीय लोगों ने अपने निजी वाहनों से भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की।
कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिलग्राम भेजा गया। वहां से हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
इसे भी पढ़ें – हरदोई में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा, 23 करोड़ रूपये के ई-चालान बकाया
इसे भी पढ़ें – एटा में ईंटों से कुचलकर हत्या, एक ही परिवार की चार की बेरहमी से हत्या
इलाज के दौरान दो युवकों की मौत
मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान रजनीश और मदनपाल ने दम तोड़ दिया। दोनों की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची तो पुरे परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि दोनों अपने-अपने परिवारों के इकलौते बेटे थे। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। घरों में चूल्हे नहीं जले और गांव में सन्नाटा पसरा रहा।
एक बुजुर्ग ग्रामीण ने कहा – “सुबह हंसते हुए निकले थे, शाम को लाश बनकर लौटे। किसकी नजर लग गई…”
अखिलेश की हालत नाजुक
तीसरे घायल अखिलेश की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक उसे सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। उसे आईसीयू में रखा गया है और परिजन लगातार भगवान से उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
ट्रैक्टर चालक फरार
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि वाहन मालिक और चालक की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों की समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर रोजाना भारी वाहन तेज रफ्तार में चलते हैं, लेकिन न तो पुलिस की नियमित चेकिंग होती है और न ही कोई ठोस व्यवस्था।
लोगों ने मांग की है कि –
ओवरलोड वाहनों पर सख्ती हो
स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं
नियमित पुलिस गश्त हो
ताकि भविष्य में किसी ओर घर का चिराग न बुझे और ऐसी घटनाओं को होने से पहले रोका जा सके
इसे भी पढ़ें – हरदोई नयागांव-माधौगंज मार्ग पर दर्दनाक हादसा: स्कूल जाती बच्ची को पिकअप ने कुचला, चालक फरार
इसे भी पढ़ें – हरदोई: खेत में काम कर रहे युवक को कोबरा ने डसा, गुस्से में सांप का फन दांतों से काट डाला
















Leave a Reply