हरदोई – 10 नवंबर सोमवार की सुबह नयागांव-माधौगंज मार्ग पर एक ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसने हर किसी को अंदर तक हिलाकर रख दिया। रोज़ की तरह स्कूल जा रही एक 12 साल की मासूम बच्ची, जो अपने सपनों की किताबें साइकिल पर रखकर घर से निकली थी, अचानक तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आ गई। और कुछ ही सेकेंड में सब कुछ बदल गया हँसती-खेलती बच्ची सड़क पर तड़पती नजर आई और इलाके में चीख-पुकार मच गई।
यह हादसा सुबह करीब 7:30 बजे नयागांव-माधौगंज के पेट्रोल पंप के पास हुआ। चश्मदीदों ने बताया की, माधौगंज की ओर से आ रही पिकअप डाला इतनी तेज रफ्तार में थी कि ड्राइवर का नियंत्रण पूरी तरह खत्म हो चुका था। सामने से आती बच्ची को संभलने का मौका तक नहीं मिला व टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह साइकिल समेत सड़क पर गिर पड़ी और कुछ दूरी तक घिसटती चली गई।
स्कूल जाने का सपना, एक झटके में टूटा
स्थानीय लोगों ने बताया कि बच्ची रोज इसी रास्ते से स्कूल जाती थी और उस दिन भी वह घर से समय से निकली थी। लेकिन किसी को क्या पता था कि कुछ ही मिनटों में यह रास्ता उसकी ज़िंदगी का आखिरी रास्ता बन जायेगा।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। किसी ने बच्ची को उठाया, किसी ने पानी पी लाया, तो किसी ने एंबुलेंस को फोन किया। बच्ची दर्द से कराह रही थी, उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पहली टक्कर के बाद भी नहीं रुका ड्राइवर
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बच्ची को टक्कर मारने के बाद भी पिकअप चालक नहीं रुका। लोगों के मुताबिक, ड्राइवर ने ब्रेक लगाने की बजाय गाड़ी और तेज कर दी, जैसे वह मौके से भाग निकलना चाहता हो।
चश्मदीद राजेश कुमार ने बताया,
“हम सब चिल्ला रहे थे कि गाड़ी रोको, लेकिन ड्राइवर ने पलटकर देखा तक नहीं। और ड्राइवर ने गाडी की रफ़्तार ओर तेज कर दी जिससे साफ़ साफ़ दिख रहा था की वह सिर्फ बचना चाहता था।”
इसे भी पढ़ें – हरदोई: सवायजपुर सड़क हादसे में युवक की मौत, साथी की हालत गंभीर, दावत से लौट रहे थे
इसे भी पढ़ें – हरदोई: अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दो बाइकों को मारी टक्कर, दो की मौत, एक गंभीर
भागते हुए पिकअप ने ऑटो को भी मारी टक्कर
कुछ ही मीटर आगे पेट्रोल पंप के पास खड़े एक ऑटो को पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। ऑटो में तीन सवारियां बैठी थीं | दो महिलाएं और एक बुजुर्ग। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो सड़क के किनारे पलट गया और तीनों सवारियां सड़क पर गिर पड़ीं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर उस वक्त वहां और लोग खड़े होते, तो जानमाल का नुकसान और ज्यादा हो सकता था।
लोगों में गुस्सा, अफरा-तफरी का माहौल
दो-दो हादसे कुछ ही मिनटों में होने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने पिकअप को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक तेज रफ्तार में गाड़ी भगाकर फरार हो गया।
चश्मदीद लोगों का कहना है कि पिकअप की नंबर प्लेट साफ नहीं था, जिससे गाड़ी की पहचान में दिक्कत हो रही है।
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू
सूचना मिलते ही माधौगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जिससे गाड़ी के नंबर की पहचान की जा सके
पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
स्थानीय लोगों की मांग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नयागांव-माधौगंज रोड पर तेज रफ्तार वाहन रोज़ दौड़ते हैं, लेकिन न तो स्पीड ब्रेकर हैं और न ही नियमित पुलिस गश्त।
लोगों ने मांग की है कि –
सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं | जिससे ट्रैफिक ओर गाड़ी की रफ़्तार में कमी आये
पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए
स्कूल समय में ट्रैफिक कंट्रोल किया जाए
ताकि दोबारा कोई मासूम इस तरह हादसे का शिकार न हो सके।
इसे भी पढ़ें – हरदोई: बेनीगंज में प्रेमी जोड़े की मौत से पूरे इलाके में मातम, दोनों घरों में कोहराम
इसे भी पढ़ें – हरदोई में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा, 23 करोड़ रूपये के ई-चालान बकाया
















Leave a Reply