मेरठ: मेडिकल थाना क्षेत्र से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक सिरफिरे युवक की हरकतों से एक नाबालिग छात्रा की पढ़ाई चौपट होने की कगार पर पहुंच गई।
मनचले के लगातार पीछा करने, अश्लील टिप्पणियां करने और छेड़खानी से परेशान होकर छात्रा ने ट्यूशन जाना तक छोड़ दिया। मामला सामने आने के बाद परिजनों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. विपिन ताडा से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद मेडिकल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
कैसे सामने आया पूरा मामला
मेडिकल थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली नाबालिग छात्रा अपने परिजनों के साथ रहती है। वह नियमित रूप से स्कूल के साथ-साथ ट्यूशन भी जाया करती थी,
लेकिन बीते कुछ दिनों से उसने अचानक ट्यूशन जाना बंद कर दिया। शुरू में परिजनों को लगा कि शायद पढ़ाई का दबाव या कोई सामान्य कारण होगा, लेकिन जब छात्रा लगातार बहाने बनाने लगी तो घरवालों को शक हुआ।
परिजनों के पूछने पर छात्रा फूट-फूटकर रो पड़ी और उसने अपनी आपबीती अपने माता पिता को बताई। छात्रा ने बताया कि इलाके का एक युवक हर्ष उसका लंबे समय से पीछा कर रहा है और रास्ते में अश्लील टिप्पणियां करता है। जिससे वह परेशान हो चुकी हैं
पीछा, अश्लील कमेंट और छेड़खानी का आरोप
पीड़िता के अनुसार आरोपी युवक आए दिन उसका रास्ता रोकता लेता था। ट्यूशन जाते समय वह पीछे-पीछे चलता, फब्तियां कसता और अश्लील बातें कहता था।
कई बार उसने छात्रा के साथ छेड़खानी करने की भी कोशिश की। डर और मानसिक तनाव के चलते छात्रा ने ट्यूशन जाना ही बंद कर दिया।
छात्रा का कहना है कि उसे हर वक्त यही डर सताने लगा था कि कहीं आरोपी कुछ गलत न कर दे। यही वजह रही कि उसने अपनी पढ़ाई से दूरी बना ली और ट्यूशन जाना छोड़ दिया, जो की उसके भविष्य के लिए बेहद नुकसानदायक साबित हो सकता था ।
SSP से शिकायत, तब हरकत में आई पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्रा के परिजन सीधे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा से मिलने पहुंचे। उन्होंने पूरी घटना की जानकारी दी और बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। SSP ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मेडिकल थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
SSP के आदेश के बाद मेडिकल थाना पुलिस ने आरोपी युवक हर्ष के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया हैं और उसकी तलाश शुरू कर दी।
इसे भी पढ़ें – मेरठ में पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, खेत में मिला गोली लगा शव
इसे भी पढ़ें – मेरठ – निर्भया के दोषियों को फांसी देने वाले पवन जल्लाद ने योगी सरकार लगाई गुहार
आरोपी फरार, दबिश में जुटी पुलिस
मेडिकल थाना प्रभारी सतवीर सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हालांकि केस दर्ज होते ही आरोपी घर से फरार हो गया। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगी हुई हैं।
थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि आरोपी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
छात्रा को सुरक्षा का भरोसा
पुलिस ने पीड़ित छात्रा और उसके परिजनों को पूरी सुरक्षा का भरोसा दिया है। थाना प्रभारी सतवीर सिंह ने बताया कि छात्रा को बेखौफ होकर स्कूल और ट्यूशन जाने के लिए समझाया गया है। जरूरत पड़ने पर पुलिस गश्त और अन्य सुरक्षा उपाय भी किए जाएंगे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएगा।
बढ़ते मनचलों की संख्या पर बड़ा सवाल
यह मामला एक बार फिर समाज में बढ़ती मनचली प्रवृत्ति के लोग और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। एक नाबालिग छात्रा को सिर्फ इसलिए अपनी पढ़ाई से समझौता करना पड़ा, क्योंकि एक सिरफिरे युवक की हरकतों से वह डर गई थी।
विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में समय रहते शिकायत और सख्त कार्रवाई बेहद जरूरी है, ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके और अपराधियों में डर बना रहे।
पुलिस का दावा – जल्द होगी गिरफ्तारी
मेडिकल थाना पुलिस का दावा है कि आरोपी की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और पीड़िता को हर संभव न्याय दिलाया जाएगा।
इसे भी पढ़ें – कानपुर हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रहे छात्र ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा
इसे भी पढ़ें – हरदोई: थाने के अंदर पति ने पत्नी को मारी गोली, महिला की मौत
















Leave a Reply