हरदोई: हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव में पिटाई से घायल अधेड़ व्यक्ति की मौत के मामले ने अब नया और चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। जिस मौत को परिजन और ग्रामीण मारपीट का नतीजा बता रहे थे,
उसी मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हृदयाघात को मौत की असली वजह बताया है। हालांकि, शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले को हल्के में नहीं लिया है और मृतक की बहू की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मृतक की पहचान अर्जुनपुर निवासी अशोक सिंह उर्फ जंटर के रूप में हुई है। अशोक सिंह खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
गांव में उन्हें एक शांत और सीधे-साधे व्यक्ति के तौर पर जाना जाता था। उनकी मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार के लोग सदमे में हैं।
गांव की राजनीति बनी विवाद की जड़
इस पूरे मामले की जड़ गांव की राजनीति से जुड़ी बताई जा रही है। अशोक सिंह के भतीजे श्यामेंद्र सिंह की पत्नी आरती सिंह वर्तमान में गांव की प्रधान हैं। वहीं, इस बार अशोक सिंह के बेटे अरविंद सिंह भी प्रधान पद का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे।
अरविंद सिंह ने मतदाता सूची में फर्जी नाम जोड़े जाने की शिकायत की थी। इसी शिकायत की जांच के लिए रविवार दोपहर प्रशासन की टीम गांव पहुंची थी। टीम ने अरविंद को मौके पर बुलाया था ताकि वह अपनी बात रख सके।
जांच टीम के सामने बढ़ा विवाद
जांच के दौरान ही गांव का माहौल गरमा गया। आरोप है कि उसी समय अरविंद के चचेरे भाई श्यामेंद्र सिंह, रामेंद्र सिंह, भानू प्रताप सिंह, शिवम और श्यामेंद्र का बेटा अभय प्रताप सिंह भी वहां पहुंच गए। बातचीत के दौरान कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने अरविंद सिंह के साथ मारपीट की। खुद को पीड़ित महसूस करते हुए अरविंद शिकायत दर्ज कराने हरपालपुर कोतवाली चला गया।
इसे भी पढ़ें – एटा में ईंटों से कुचलकर हत्या, एक ही परिवार की चार की बेरहमी से हत्या
इसे भी पढ़ें – हरदोई – शाहाबाद थाने में संदिग्ध मौत, पुलिस पर गंभीर आरोप
घर में घुसकर अधेड़ की पिटाई का आरोप
अरविंद के थाने जाने के बाद मामला और गंभीर हो गया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी पक्ष के लोग सीधे अशोक सिंह के घर पहुंच गए। घर पर उस वक्त सिर्फ अशोक सिंह मौजूद थे। आरोप है कि वहां उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
परिजनों का कहना है कि मारपीट के बाद अशोक सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जाँच करके उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आया नया सच
सोमवार को मृतक अशोक सिंह का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों के पैनल द्वारा किया गया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। रिपोर्ट के अनुसार, अशोक सिंह के शरीर पर तीन चोट के निशान पाए गए हैं
- माथे पर खरोच
- बाईं आंख के पास चोट
- होंठ पर चोट का निशान
हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की मुख्य वजह हृदयाघात (हार्ट अटैक) बताई गई है। पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट के बाद मामला और ज्यादा पेचीदा हो गया है।
बहू की तहरीर पर पांच पर केस
मृतक की बहू खुशबू, पत्नी गोविंद सिंह ने हरपालपुर कोतवाली में पांच लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने इस तहरीर के आधार पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाल वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच हर पहलू से की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
गांव में तनाव, पुलिस सतर्क
घटना के बाद से अर्जुनपुर गांव में तनाव का माहौल है। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। ग्रामीणों में इस बात को लेकर चर्चा है कि यदि मारपीट न होती, तो शायद अशोक सिंह की जान बच सकती थी।
परिजन लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की उम्मीद जता रहे हैं।
इसे भी पढ़ें – हरदोई: जयमाला के वक्त दूल्हे ने दुल्हन पर उठाया हाथ, नाराज़ दुल्हन ने तोड़ी शादी
इसे भी पढ़ें – हरदोई: सांडी में दबंगों का तांडव: युवक पर जानलेवा हमला, ‘विधायक’ लिखी गाड़ी तोड़ी
















Leave a Reply