नई दिल्ली / उत्तर प्रदेश अमरोहा, सोमवार शाम दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुआ भीषण धमाका सिर्फ राजधानी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसकी गूंज उत्तर प्रदेश के कई जिलों तक पहुंच गई।
इस विस्फोट में अमरोहा के रहने वाले 40 वर्षीय अशोक कुमार की मौत हो गई, जबकि यूपी के तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह चौकन्ना हो गई हैं।
ड्यूटी से लौटते वक्त बुझ गया घर का चिराग
मृतक अशोक कुमार अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र के मंगरोला गांव के निवासी थे। वे पिछले तीन सालों से दिल्ली के जगतपुर इलाके में किराए के मकान में रहकर डीटीसी में संविदा कर्मचारी के तौर पर काम कर रहे थे।
सोमवार की शाम भी वह रोज़ की तरह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी यात्रा होगी।
शाम 6 बजकर 55 मिनट पर लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में अचानक जोरदार धमाका हुआ। अशोक उसी वक्त वहां से गुजर रहे थे और विस्फोट की चपेट में आ गए।
गांव में पसरा मातम, परिवार बेसहारा
जैसे ही अशोक की मौत की खबर मंगरोला गांव पहुंची, पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। घर पर पत्नी सोनम, एक बेटा और दो बेटियां हैं। बच्चे अभी छोटे हैं और परिवार की पूरी जिम्मेदारी अशोक के कंधों पर थी।
अशोक के बड़े भाई सुभाष कुमार, जो गांव में खेती करते हैं, रोते हुए कहा कि “भैया रोज़ मेहनत करके घर चलाते थे… अब बच्चों का क्या होगा, समझ नहीं आ रहा।”
गांव में हर आंख नम है और हर जुबान पर एक ही सवाल क्या कसूर था अशोक का?
यूपी के तीन लोग घायल, दिल्ली में इलाज जारी
इस धमाके में उत्तर प्रदेश के तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं
- शिवा जायसवाल (देवरिया)
- पप्पू (आगरा)
- मोहम्मद दाउद (गाजियाबाद)
तीनों को दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है।
घायलों के परिवारों को सूचना दे दी गई है और संबंधित जिलों का प्रशासन लगातार संपर्क में है।
इसे भी पढ़ें – दिल्ली लाल किला धमाके के बाद गोरखपुर हाई अलर्ट पर, हर कोने में पुलिस की सख्ती
इसे भी पढ़ें – एटा में ईंटों से कुचलकर हत्या, एक ही परिवार की चार की बेरहमी से हत्या
धमाके के बाद यूपी में हाई अलर्ट
दिल्ली में धमाके की खबर मिलते ही उत्तर प्रदेश सरकार एक्शन मोड में आ गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि
“सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही न हो। हर गतिविधि पर नजर रखें और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करें।”
इसके बाद प्रदेश के सभी संवेदनशील जिलों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया।
धार्मिक शहरों में सख्त पहरा
अयोध्या, काशी और मथुरा जैसे धार्मिक शहरों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि संदिग्ध वास्तु व व्यक्तियों पर नजर रखी जा सके
स्टेशन और मंदिरों पर सघन जांच डॉग स्क्वाड और बम डिस्पोजल टीम सक्रिय लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर और मेरठ में भी रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, मॉल और बाजारों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
कैसे हुआ धमाका?
समय: शाम 6:55 बजे
स्थान: लाल किला मेट्रो स्टेशन, गेट नंबर-1
जगह: पार्किंग में खड़ी कार
धमाके के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि पास की तीन गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हैं।
दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
जांच कई एंगल से, आतंकी साजिश की आशंका
दिल्ली पुलिस के साथ-साथ एनआईए और इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीमें जांच में जुटी हैं। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि
विस्फोटक कहां से लाया गया
साजिश के पीछे कौन है
कोई आतंकी कनेक्शन तो नहीं
सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से जांच कर रही हैं। ताकि आगे से होने वाली ऐसी अनहोनी घटना को पहले से रोका जा सके
इसे भी पढ़ें – दिल्ली लाल किला धमाके के बाद गोरखपुर हाई अलर्ट पर, हर कोने में पुलिस की सख्ती
इसे भी पढ़ें – हरदोई – 7 साल बाद इंस्टाग्राम रील ने खोला लापता और मरे हुए पति का राज












Leave a Reply